Odisha Desk, मलकानगिर: ओडिशा के मलकानगिरी जिले में पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कालीमेला थाना पुलिस ने वेंकटपलम के जंगलों के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर से लगभग 440 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। तस्कर इस गांजे को ट्रैक्टर में धान की बोरियों के नीचे छिपाकर दूसरे राज्य में भेजने की फिराक में थे। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही गांजा माफिया मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के मुताबिक, कालीमेला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वेंकटपलम जंगल के रास्ते एक बिना नंबर वाले ट्रैक्टर के जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी की और संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका।

शुरुआत में पुलिस को लगा कि ट्रैक्टर में केवल धान की बोरियां लादी गई हैं। लेकिन जब पुलिस को संदेह हुआ और उन्होंने बोरियों की गहन जांच की, तो धान की आड़ में प्लास्टिक की बोरियों के अंदर छुपाया गया 440 किग्रा गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे का बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।

अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हुए तस्करों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। कालीमेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार गांजा माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H