दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। प्रदेश के नर्मदापुरम के माखननगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल है। बताया जाता है कि सभी मृतक कार टवेरा वाहन से बारात से लौट रहे थे। सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

27 अप्रैल महाकाल भस्म आरती: चंदन-ड्रायफ्रूट से सजे बाबा श्री महाकालेश्वर, श्रृंगार देख भक्त हुए भाव-विभोर

देर रात करीब 2 बजे की घटना

दरअसल ग्राम महेंद्रवाड़ी से एक बारात बुधनी गई थी। रात में बारात वापस लौट रही थी, तभी आंचलखेड़ा के पास टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ​सूचना मिलते ही माखन नगर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में से चार का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में और एक का माखन नगर अस्पताल में कराया गया।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा अस्पताल पहुंचे

​हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सोमेश मिश्रा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा प्रशासन ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है और नियमानुसार हर संभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। डॉक्टरों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m