राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों के भीतर आपराधिक घटनाओं ने गंभीर रूप ले लिया है। अलग-अलग इलाकों में 2 डबल मर्डर ( Double Murder) समेत कुल 5 लोगों की हत्या की घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। सबसे बड़ी वारदातें दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी और रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही दिन में 5 हत्याओं की खबरों से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police)अलर्ट मोड पर है और सभी मामलों में जांच तेज कर दी गई है।
गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या से सनसनी
दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई।मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे, जबकि परिवार के मुखिया बुध बाजार में दुकान लगाने गए हुए थे। देर रात जब वे घर लौटे तो उन्होंने अंदर खून बिखरा देखा। अंदर जाने पर पत्नी और बेटे को रसोई में खून से लथपथ हालत में पाया गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में लूटपाट की आशंका जताई है, हालांकि मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है। अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रोहिणी इलाके में भी डबल मर्डर
दिल्ली के रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में दो नाबालिग लड़कों की हत्या का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान जॉनी (16) और ध्रुव (17) के रूप में हुई है, जो आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद कुछ ही समय में आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी उसी इलाके में पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर उन्होंने एक महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट की थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद महिला के बेटे ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसे आरोपी खुद लेकर आए थे। फिलहाल अमन विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ भी कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
उत्तर पूर्वी दिल्ली में मर्डर, युवक पर बरसाईं गोलियां
राजधानी के उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित वेलकम थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, यह घटना केशव चौक और श्याम लाल कॉलेज के पास हुई। फायरिंग के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं। इसके अलावा, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम 22 वर्षीय अमनउल्लाह कुरैशी है, जो मौजपुर के गुरुद्वारा मोहल्ला का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि अमनउल्लाह के पिता का नाम मोहम्मद तस्लीम है। मंगलवार रात हुई इस वारदात में अज्ञात बदमाशों ने केशव चौक और श्याम लाल कॉलेज के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह जांच की जा रही है कि युवक को कितनी गोलियां लगीं और हमलावर किस उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कई एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है।
चाचा-भतीजे का विवाद जानलेवा साबित हुआ
दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में एक पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें चाचा-भतीजे दोनों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, झगड़े के दौरान चाकूबाजी हुई, जिसमें भतीजे को कई गंभीर चोटें आईं और वह इस समय अस्पताल में नाजुक हालत में है। वहीं, चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर इसे पारिवारिक विवाद से उपजा हिंसक झगड़ा माना जा रहा है।
नरेला में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
दिल्ली के नरेला (Narela) इलाके में नाबालिग को 17वें जन्मदिन पर मौत की सौगात मिली। ये खौफनाक सौगात उसके दोस्त ने ही दी। नरेला इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग की जन्मदिन के दिन ही चाकू मारकर हत्या कर दी। कुरेनी गांव में दोस्त के साथ हुए विवाद के बाद आरोपी ने किशोर की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू से गोदकर दोस्त को मरता हुआ छोड़कर फरार हो गया। नाबालिग को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने मामले में एनाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस हत्याकांड के पीछे के कारणों की जांच के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
अपराध के मामले में दिल्ली सबसे ऊपर
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में आपराधिक मामलों की संख्या देश के अन्य महानगरों की तुलना में सबसे अधिक बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में दिल्ली में कुल 2,75,402 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। इससे पहले 2023 में यह संख्या 3,23,549 और 2022 में 2,98,988 थी। हालांकि 2024 में 2023 की तुलना में मामलों में गिरावट दर्ज की गई है, फिर भी राष्ट्रीय राजधानी अपराध दर्ज करने के मामले में शीर्ष पर है। देश के 19 महानगरों में, जिन्हें 20 लाख से अधिक आबादी वाले शहरी क्षेत्र के रूप में परिभाषित किया गया है, दिल्ली सबसे आगे रही। पूरे भारत में 2024 के दौरान दर्ज 58.85 लाख आपराधिक मामलों में से लगभग 4.67 प्रतिशत मामले अकेले दिल्ली से जुड़े थे। National Crime Records Bureau की रिपोर्ट यह भी दर्शाती है कि दिल्ली लंबे समय से देश के प्रमुख अपराध-रिकॉर्डिंग महानगरों में शामिल रही है, हालांकि साल-दर-साल आंकड़ों में उतार-चढ़ाव देखा गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

