भुवनेश्वर: ओडिशा के बालेश्वर जिले से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. भोगराई के जंगली इलाके से 5 दुर्लभ ओरंगउतान (Orangutans) को एक नाटकीय रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सकुशल बरामद किया गया है. भारत में ओरंगउतान का इस तरह मिलना राज्य प्रशासन से लेकर केंद्रीय एजेंसियों तक के लिए चिंता का विषय बन गया है. इस घटना के बाद बड़े अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी रैकेट (International Wildlife Trafficking Racket) का पर्दाफाश होने की आशंका जताई जा रही है.
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए ओरंगउतान की उम्र लगभग 1 से 2 साल के बीच है. एक गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने भोगराई के जंगल में दबिश देकर इन्हें बरामद किया.
इन देशों में पाए जाते हैं ओरंगउतान
चूंकि ओरंगउतान मूल रूप से भारत में नहीं पाए जाते. इनका प्राकृतिक आवास मुख्य तौर पर इंडोनेशिया, मलेशिया और सुमात्रा के जंगलों में है. इसलिए ओडिशा के सुदूर इलाके में इनकी मौजूदगी ने अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं. प्राथमिक जांच में यह माना जा रहा है कि इन्हें समुद्री या जमीनी अंतरराष्ट्रीय रास्तों से भारत में अवैध रूप से लाया गया है.
जानिए ओडिशा के वन मंत्री का क्या है कहना?
ओडिशा के वन एवं पर्यावरण मंत्री गणेश राम सिंह खूंटिया ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले में किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता.
एक ओरंगुतान की इतनी होती है कीमत
मंत्री ने इस जब्ती को एक बड़ी सफलता बताते हुए खुलासा किया कि अवैध वन्यजीव बाजार में एक ओरंगउतान की कीमत लगभग 25 लाख रुपये तक होती है. इस भारी-भरकम कीमत की वजह से ही तस्कर इन दुर्लभ और संकटग्रस्त जीवों को अपना निशाना बना रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) को जांच में शामिल किया गया है. वहीं, राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. जांच एजेंसियां फिलहाल इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह खेप किस देश या सीमा से भारत में दाखिल हुई? क्या इन जीवों को ओडिशा के रास्ते पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य में सप्लाई किया जाना था? बहरहाल रेस्क्यू किए गए सभी 5 ओरंगउतान को फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में क्वारंटीन में रखा गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



