कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही और संवेदनहीनता का एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घर के भीतर खेल रही एक 5 साल की मासूम बच्ची को सांप ने डस लिया। समय पर एम्बुलेंस न मिलने और सरकारी अस्पताल में एम्बुलेंस के पंचर होने का अजीबोगरीब हवाला दिए जाने के कारण बच्ची समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी, जिससे इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के समय घर के अंदर खेल रही थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गरीब मजदूर माता-पिता की 5 वर्षीय बेटी अपने घर के अंदर खेल रही थी, तभी एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़पती रही। परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस के लिए फोन लगाया। परिजनों का आरोप है कि बार-बार फोन करने के बावजूद एम्बुलेंस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि जब इस देरी के बारे में पूछताछ की गई, तो सरकारी अस्पताल की तरफ से एम्बुलेंस के पंचर होने का बेतुका हवाला दिया गया।

बच्ची दर्द से तड़पती रही

देरी से अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मासूम को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कटंगी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्ची दर्द से तड़पती हुई नजर आ रही है। ग्रामीणों और परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि यदि सिस्टम की लापरवाही के बिना समय पर एम्बुलेंस मिल जाती और बच्ची को सही समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। इस अमानवीय घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m