शशांक द्विवेदी, खजुराहो। मध्यप्रदेश के खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में दो सौगातें मिलने वाली हैं। खजुराहो में 15 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों वाले आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए इलिट (ईएलआईटी) शिक्षण संस्थान को भी हरी झंडी मिल गई है। यह वेलनेस सेंटर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के लिए आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का इंटरनेशनल हब बनेगा।

खजुराहो पहुंचे क्षेत्रीय सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वेलनेस सेंटर खुलने से केवल खजुराहो की वैश्विक ब्रांडिंग ही मजबूत नहीं होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के सैकड़ों नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे बुंदेलखंड के आर्थिक विकास को एक नई गति मिलेगी। यह वेलनेस सेंटर पंचकर्म और नेचुरोपैथी से लैस होगा। इस सेंटर का संचालन राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग मिलकर करेंगे।

ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव ने लिया मंत्रियों से एक-एक काम का हिसाब, जानें सरकार-संगठन के बीच क्या हुई बात?

26 मई को जुटेंगे देशभर के सांसद व अफसर, केंद्रीय आयुष मंत्री भी आएंगे

सांसद वीडी शर्मा ने आगामी बड़े आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि मई के अंतिम सप्ताह में खजुराहो में एक बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की बेहद महत्वपूर्ण बैठक खजुराहो में होगी। इसमें केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव, देशभर के सांसद और शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। 27 को केंद्रीय मंत्री आएंगे। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खजुराहो में 25वें काउंटडाउन का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m