कर्नाटक के कोलार जिले में वर्क-फ्रॉम-होम और निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर 8 हजार से अधिक लोगों से 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित गिरोह का पर्दाफाश कर पति-पत्नी समेत चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

श्री कालिकादेवी एंटरप्राइजेज के नाम पर ठगी

पुलिस के मुताबिक, यह फर्जीवाड़ा ‘श्री कालिकादेवी एंटरप्राइजेज’ के नाम से संचालित किया जा रहा था। कोलार और बेंगलुरु के अलावा आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी शाखाएं खोलकर लोगों को तौर पर जाल में फंसाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूमि किरण शेट्टी (28), आरती (23), राम्या और वेंकटचलपति उर्फ स्वामी के रूप में हुई है।

पैकिंग जॉब का झांसा देकर लेते थे लाखों की डिपॉज़िट

आरोपी लोगों को ब्लो टॉर्च, मोमबत्ती और पेपर प्लेट जैसी वस्तुओं की घर बैठे पैकिंग का काम देने का दावा करते थे। इसके बदले मोटा कमीशन दिलाने का लालच दिया जाता था। काम शुरू कराने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से लाखों रुपये का एडवांस डिपॉजिट जमा कराया जाता था।

शुरुआत में कुछ लोगों को रिफंड या कमीशन देकर उनका भरोसा जीता गया। लेकिन जब बड़ी रकम जमा हो गई तो भुगतान रोक दिया गया और कार्यालय बंद कर आरोपी फरार होने लगे। पुलिस जांच में सामने आया कि बूदिकोटे और देब्बनहल्ली शाखाओं के मैनेजर वेंकटचलपति ने अकेले 1,121 लोगों से करीब 10.53 करोड़ रुपये जमा कराए।

350 से ज्यादा शिकायतें दर्ज

पैसे वापस नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। कोलार के गलपेट, बूदिकोट और बेंगलुरु के चिक्कजाला, देवनहल्ली तथा डोड्डाबल्लापुर ग्रामीण थानों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। गलपेट थाने में ही 350 से ज्यादा लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है, जबकि शुरुआती जांच में 6 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m