India Gate-Jantar Mantar March: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक प्रस्तावित मार्च को पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद दो अलग-अलग मार्च का ऐलान किया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 5,000 पुलिसकर्मियों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है और कई प्रमुख रास्तों पर मल्टीलेवल बैरिकेडिंग की गई है।

इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च का ऐलान

रविवार को पहला मार्च दोपहर 3 बजे इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक प्रस्तावित है, जिसे ‘सिटीजंस मार्च’ नाम दिया गया है। इसके बाद शाम 5 बजे भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से भी मार्च निकालने की घोषणा की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है।

कई रास्तों पर बैरिकेडिंग, आवाजाही प्रभावित

जंतर-मंतर की ओर जाने वाले मार्गों पर मल्टीलेवल बैरिकेड लगाए गए हैं। टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड, संसद मार्ग और केरल भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। अशोका रोड और सी-हेक्सागन के आसपास भी बैरिकेडिंग की गई है।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रख रही है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस वाहन और पीसीआर वैन भी तैनात हैं।

SIR को लेकर प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगा रहे हैं। वे CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

शुक्रवार को भी आम आदमी पार्टी (AAP), AISA, SFI, NSUI समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों ने दिल्ली में प्रदर्शन किया था। इस दौरान 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m