ODISHA DESK, ब्रह्मपुर: ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाड़कापल्ली छक (चौराहे) के पास एक यात्री बस ने सवारी ऑटो रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चिकिटी ब्लॉक के एरेन्द्र गांव के लगभग 10 निवासी एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर प्रसिद्ध ‘सिंहासनी पीठ’ दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लाड़कापल्ली छक के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुछ मीटर तक घसीटती हुई ले गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सभी घायलों को तुरंत कोदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य 4 गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, ग्रामीण राजमार्ग पर ओवरलोडिंग और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

