सुशील खरे, रतलाम। जिले के जावरा स्थित प्रसिद्ध हुसैन टेकरी से एक 6 माह के मासूम बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हालांकि रतलाम पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने राज्यस्थान के एक बड़ संगठित गिरोह से जुड़े दो शातिर आरोपियों और एक बाल अपचारी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत बालक सयान को सकुशल बरामद कर माता-पिता को सौंप दिया गया है। वहीं इस कामयाबी पर देर शाम हुसैन टेकरी समिति द्वारा जांबाज पुलिस टीम का सम्मान भी किया गया।

ये भी पढ़ें: जिस जेल में बंद हैं खुद के सजा सुनाए 29 कैदी, वहां कैसे कटेगी पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे की रातें? समझिए इनसाइड स्टोरी

रात के अंधेरे में सोए हुए परिवार के पास आए और…

रतलाम पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि फरियादी साहिल अपने परिवार के साथ पिछले 15 दिनों से जावरा की हुसैन टेकरी में रुका हुआ था। 4-5 जून की दरमियानी रात वह अपने परिवार सहित चिराग गेस्ट हाउस के पास एक दुकान के बाहर सो रहा था।

इसी दौरान देर रात एक अज्ञात महिला पुरुष और एक बच्चा भी आकर उनके पास ही सो गए। सुबह करीब 4:30 बजे जब साहिल की नींद खुली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसका 6 महीने का बेटा सयान गायब था और पास में सो रहे वे अनजान लोग भी वहां से नदारद थे। परिजनों ने हर जगह बच्चे को ढूंढा लेकिन कुछ पता न चलने पर तत्काल थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपहरण का केस दर्ज कराया।

200 से ज्यादा कैमरे और शिवपुरी में दबोचे गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान, टीआई प्रकाश गाडरिया और चौकी प्रभारी कन्हैया अवस्या ने कमान संभाली। पुलिस टीम ने साइबर इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार ट्रैकिंग के बाद संदिग्धों की लोकेशन शिवपुरी जिले में ट्रेस हुई।

रतलाम पुलिस ने तुरंत शिवपुरी पुलिस से संपर्क साधा और कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के साथ एक संयुक्त और सटीक घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। मुख्यमंत्री और डीजीपी (DGP) ने भी रतलाम पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है।

ये भी पढ़ें: जेल की सुरक्षा में सेंधः केंद्रीय जेल में तंबाकू ले जाते पकड़ा गया प्रहरी, जेल प्रशासन ने किया निलंबित

क्या मध्य प्रदेश में सक्रिय है मानव तस्करी गिरोह? इस एंगल पर जांच शुरू

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी राजस्थान के एक बड़े संगठित गिरोह से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मुताबिक इस अपहरण के पीछे की असली मंशा क्या थी, क्या यह कोई बड़ा मानव तस्करी (Human Trafficking) का रैकेट है और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं, इन सभी कड़ियों को खंगालने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m