69000 सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने शनिवार को लखनऊ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया. एसीपी रजनीश वर्मा ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर मंगलवार तक मंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया.
लखनऊ. 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर शनिवार को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए जल्द नियुक्ति की मांग उठाई.
मौके पर पहुंचे एसीपी रजनीश वर्मा ने अभ्यर्थियों से बातचीत की. उन्होंने मंगलवार तक बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोडवेज बस में बैठाकर धरना स्थल इको गार्डन भेज दिया.
एफिडेविट के आंकड़ों पर सवाल
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी इरशाद अहमद और यशवंत कुमार ने बताया कि बीते 21 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान विभाग ने एक एफिडेविट प्रस्तुत किया था. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे इस एफिडेविट में दिए गए आंकड़ों से संतुष्ट नहीं हैं.
एफिडेविट में कुल 8270 पदों का आंकड़ा सूची के साथ दिया गया है. इसमें बताया गया है कि 3324 पद ओबीसी वर्ग के ऐसे हैं, जिन पर पहले से नौकरी मिल जानी चाहिए थी, लेकिन नियुक्ति नहीं हो सकी.
4946 पदों पर सवाल
विभाग की ओर से 4946 पदों का एक अन्य आंकड़ा भी दिया गया है, जिसे अभ्यर्थी विरोधाभासी बता रहे हैं. इन पदों को लेकर कहा गया है कि अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए बुलाया गया था, लेकिन किसी ने जॉइन नहीं किया.
अभ्यर्थियों का सवाल है कि यदि 4946 पदों पर कोई अभ्यर्थी जॉइन करने नहीं आया, तो उनका नाम अब तक क्यों बरकरार रखा गया है. उनका तर्क है कि मेरिट डाउन कर नीचे के अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाना चाहिए.
कई अभ्यर्थी रहे मौजूद
प्रदर्शन में अनंत यादव, भोला अंबेडकर, धर्मवीर प्रसाद प्रजापति, आशुतोष पटेल, नजमा, अर्चना, शिखा मौर्य, किरण यादव, अर्चना मौर्य और संदीप सिंह समेत कई अभ्यर्थी शामिल रहे.


