हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश में करोड़ों रुपये के ड्रग सिंडिकेट पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा प्रहार किया है। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत ED की इंदौर सब-जोनल यूनिट ने इंदौर और मंदसौर में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर उस नेटवर्क की आर्थिक परतें खंगालनी शुरू कर दी हैं, जिस पर करीब 70 करोड़ रुपये कीमत की 70 किलो MDMA (मेफेड्रोन) की तस्करी का आरोप है।
यह कार्रवाई केवल ड्रग्स की बरामदगी तक सीमित नहीं है। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से कमाया गया पैसा कहां-कहां लगाया गया, किसके नाम पर संपत्तियां खरीदी गईं और आखिर इस पूरे नेटवर्क को आर्थिक ताकत कौन दे रहा था।ED के मुताबिक जांच की शुरुआत क्राइम ब्रांच इंदौर में दर्ज FIR के आधार पर की गई। मामला NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज है। इसके बाद जांच एजेंसी ने आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और मनी ट्रेल की गहराई से पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान एक प्रमुख आरोपी अपने सभी ज्ञात ठिकानों से गायब मिला। इसके बाद ED ने कई दिनों तक तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। जांच एजेंसी ने हैदराबाद, बीकानेर और इंदौर तक उसकी लोकेशन ट्रैक की और आखिरकार इंदौर के एक ऐसे ठिकाने तक पहुंची, जिसकी पहले कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
छापेमारी के दौरान ED को कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। एजेंसी का मानना है कि इनसे ड्रग्स के पैसों के लेन-देन, निवेश और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सकता है।जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी के रिश्तेदार के नाम पर बैंक लॉकर संचालित किया जा रहा था। ED अब उस लॉकर की भी अलग से तलाशी और जब्ती की कार्रवाई कर रही है। एजेंसी को आशंका है कि वहां से महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिल सकते हैं।
ED का कहना है कि अब जांच का फोकस केवल ड्रग्स तस्करी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ड्रग माफिया के पूरे आर्थिक साम्राज्य को खंगाला जाएगा। एजेंसी यह पता लगा रही है कि अवैध कमाई को किन माध्यमों से वैध दिखाने की कोशिश की गई और किन लोगों ने इसमें सहयोग किया। फिलहाल ED ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

