कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तिलक वार्ड स्थित नया मोहल्ला इलाके में लगभग 75 साल पुराना एक जर्जर मकान अचानक ढह गया। मकान का अगला हिस्सा गिरने से बाहर निकलने का मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद हो गया, जिससे पीछे बाड़े में रह रहे 4 परिवारों के करीब एक दर्जन लोग अंदर ही फंस गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इलाका संकरी गली में होने के कारण मौके पर जेसीबी या बड़ी मशीनें नहीं पहुंच सकीं। इसके चलते रेस्क्यू अभियान शुरू होने में करीब 2 घंटे की देरी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल ने सूझबूझ से काम लिया और घर के पिछले हिस्से की दीवार को तोड़कर एक तंग रास्ते से अंदर फंसे सभी महिलाओं, बच्चों और अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। किसी भी शॉर्ट सर्किट या करंट के खतरे से बचने के लिए तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी गई, जिसने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी थी।
दीवाली-छठ पर घर जाने वालों को बड़ा झटकाः इंडिगो एयरलाइंस ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज,
स्थानीय लोगों की मांग: हो जर्जर मकानों का सर्वे
इस घटना के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी डर और रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में कई अन्य मकान भी काफी पुराने और जर्जर हालत में हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को दावत दे सकते हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सभी पुराने और खतरनाक मकानों का जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

