
विनोद सैनी, हिसार। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की संस्था एनआईआरसी हिसार ब्रांच द्वारा बुधवार को 78वां सीए दिवस उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मैराथन, ध्वजारोहण, पौधारोपण, हेल्थ चेकअप कैंप, रक्तदान शिविर और सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सुबह मैराथन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर आईसीएआई भवन, सेक्टर 16-17, हिसार से मैराथन के साथ हुई। मैराथन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। इसमें करीब 100 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके बाद सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात आईसीएआई भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

लगाया गया हेल्थ चेकअप और रक्तदान शिविर
परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें करीब 100 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके साथ ही आयोजित रक्तदान शिविर में लगभग 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 4 बजकर 30 मिनट पर हिसार के अग्रसेन भवन में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया।
समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
एनआईआरसी हिसार ब्रांच के चेयरमैन सीए अजय गोयल ने बताया कि सीए दिवस हर वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। इस वर्ष भी सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और ब्रांच की विभिन्न समितियों के सहयोग से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को ध्यान में रखते हुए इन गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
एनआईआरसी हिसार ब्रांच ट्रेजरर सीए सुनील गोदारा ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से हमारा उद्देश्य समाज को स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा का संदेश देना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने शरीर को फिट रखने के लिए नियमित रूप से व्यायाम, वॉक, दौड़, जिम या कोई भी शारीरिक गतिविधि जरूर करें। इसके साथ ही समय-समय पर पौधारोपण करें और रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण ही बेहतर समाज की पहचान है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

