राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकौहा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां काली मंदिर का प्रसाद खाने से एक ही परिवार के 8 लोग अचानक बीमार हो गए। बीमारों में 3 महिलाएं (जिसमें एक गर्भवती महिला शामिल है), एक पुरुष और 4 छोटे बच्चे (उम्र 1, 2, 8 और 11 साल) शामिल हैं। सभी को आनन-फानन में छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 2 साल के मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रसाद खाते ही बिगड़ी तबीयत, अनर्गल बातें करने लगे लोग
पीड़ित परिवार के सदस्य गणेश कुशवाहा ने बताया कि गांव का ही बबलू रजक, जो गांव के काली मंदिर पर बैठता है और तांत्रिक क्रियाएं करता है, उसने परिवार को मंदिर बुलाया था। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उसने परिवार को आधा किलो पेड़ा प्रसाद के रूप में दिया। गणेश के मुताबिक, शाम को जब परिवार के सदस्यों ने वह प्रसाद खाया, तो महज 20 मिनट के भीतर सभी को तेज चक्कर आने लगे। लोग जमीन पर गिरकर तड़पने लगे और अजीब-अजीब हरकतें करते हुए उल्टा-सीधा बोलने लगे। पीड़ित परिवार ने तांत्रिक बबलू रजक पर जादू-टोना करने और प्रसाद में कुछ मिलाने का आरोप लगाया है। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर सुबह सभी को जिला अस्पताल लाया गया।
2 साल का बच्चा PICU में भर्ती
मामले की जानकारी देते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे एक ही परिवार के 8 मरीजों को अस्पताल लाया गया था। सभी में चक्कर आने, मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यवहार (Unstable Behavior) और असंगत बातें (Irrelevant Talking) करने जैसे लक्षण थे।
विशेषज्ञों की संयुक्त टीम सभी मरीजों के इलाज में लगी
सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया के अनुसार- शुरुआत में सभी मरीजों की हालत अनस्टेबल थी, लेकिन त्वरित इलाज के बाद अब 7 मरीजों की स्थिति स्थिर (Stable) है। 2 साल के बच्चे की हालत अभी भी गंभीर (Unstable) बनी हुई है, जिसे PICU (पीडियाट्रिक आईसीयू) में रखकर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज दिया जा रहा है। परिवार की गर्भवती महिला की जांच गायनिक टीम द्वारा कर ली गई है। फिलहाल मेडिसिन, पीडियाट्रिक (बाल रोग) और गायनिक (महिला रोग) विशेषज्ञों की संयुक्त टीम सभी मरीजों के इलाज में लगी हुई है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और पुलिस परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

