कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में महिलाओं की सबसे बड़ी ‘लाडली बहना योजना’ का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्वालियर में 80 साल की बुजुर्ग महिला को शातिर युवती ने फॉर्म भरवाने के बहाने ऑटो में बैठाया और दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाती रही। बाद में भीड़ में गहने कटने का डर दिखाकर जेवर उतरवा लिए और थैला लेकर फरार हो गई। झांसी रोड पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवती की तलाश शुरू कर दी है।

कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं बुजुर्ग

दअरसल शहर के गली नंबर-1 निवासी 80 साल की विद्या बाई कुशवाह घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। पीड़िता ने बताया कि वह दुकान पर अकेली थीं। तभी गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहने करीब 25-26 साल की एक युवती नेल पॉलिश लेने आई। बातों ही बातों में उसने पूछा कि आपको लाडली बहना योजना का पैसा मिलता है या नहीं? बुजुर्ग ने मना किया तो उसने बताया कि वह उसका फार्म भरवा देगी। इसके लिए उसे बाड़ा ऑफिस चलना पड़ेगा। बुजुर्ग उसके झांसे में आ गईं और ऑटो में बैठ गईं। 

डर दिखाकर थैले में भरवाए जेवर

आरोपी युवती पहले उन्हें बहोड़ापुर चौराहे ले गई। वहां कोई सरकारी ऑफिस न दिखने पर बुजुर्ग ने घर छोड़ने को कहा तो वह उन्हें पुरानी छावनी ले गई। विरोध करने पर ऑटो वापस बाड़े की तरफ मोड़ा और सागर होटल वाली गली में ले जाकर उतार दिया। यहां पहुंचकर युवती ने महाराज बाड़ा पर बहुत भीड़ होने की बात बोलकर कहा कि कोई आपके जेवर काट लेगा। इन्हें उतारकर थैले में रख लो। 

थैला लेकर युवती रफूचक्कर

युवती के झांसे में आकर विद्या बाई ने सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र, पेंडल, चांदी की अंगूठी, 200 रुपये नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे और पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत सब कुछ एक छोटे थैले में रख लिया। इसी दौरान युवती बातों में उलझाकर जेवरों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गई। एक ई-रिक्शा चालक की मदद से बुजुर्ग किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। 

जांच में जुटी पुलिस

परिजन उन्हें लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी खंगाले, जिसमें एक जगह बुजुर्ग के साथ गुलाबी सूट वाली संदेही युवती साफ नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर तलाश की जा रही है, ASP जयराज कुवेर का कहना कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m