महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक हैरान कर देने के साथ ही बड़ा शर्मनाक मामला सामने आया है. स्कूल में छात्रों के बाल काटने को लेकर उठे विवाद ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांभूलघाट सरकारी आश्रम स्कूल में खेलने पर नाराज सुपरिटेंडेंट ने 82 छात्रों को आधा गंजा करा दिया. मामला बढ़ने के बाद सुपरिटेंडेंट के खिलाफ नोटिस जारी हुआ है. अभिभावकों ने मामले की जांच की मांग की है.
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के एक सरकारी आश्रम स्कूल में 82 छात्रों को सजा के तौर पर आधा गंजा कर दिया गया, जिससे अभिभावकों में भारी गुस्सा है.
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चिमूर तालुका के जांभूलघाट स्थित एक सरकारी माध्यमिक आश्रम स्कूल में अनुशासन के नाम पर मनमानी करते हुए करीब 82 छात्रों को आधा गंजा कर दिया गया. माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक आश्रमशाला में विद्यार्थियों के बाल अजीब ढंग से काट दिए गए.
आरोप है कि शनिवार को बाल काटने के दौरान कई विद्यार्थियों के सिर का आधा हिस्सा ट्रिमर से काट दिया गया और उन्हें अगले दिन बाकी बाल काटने की बात कहकर छोड़ दिया गया. जानकारी के मुताबिक जब बाल काटने का काम चल रहा था, तब कुछ छात्र खेल रहे थे. बच्चों के इस व्यवहार से सुपरिटेंडेंट नाराज हो गए और उन्होंने कथित तौर पर नाई को बच्चों को आधे बाल काटने का निर्देश दिया.
जांभुलघाट की इस आश्रमशाला में पहली से 11वीं कक्षा तक करीब 572 विद्यार्थी निवासी रहकर पढ़ाई करते हैं. स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, छात्रों के सिर में डैंड्रफ और खुजली की समस्या को देखते हुए बाल काटने का फैसला लिया गया था.
इस घटना ने आश्रमशाला की प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद स्कूल के हेडमास्टर ने सुपरिटेंडेंट को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है, लेकिन अभिभावक इस पूरे मामले की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. तस्वीरें सामने आने के बाद कथित तौर पर उच्च अधिकारियों ने स्कूल से संपर्क किया और निर्देश दिया कि छात्रों के बाल ठीक से एक समान काटे जाएं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

