हरियाणा के सिरसा में पुलिस और एएनटीएफ ने 90 किलो अफीम के साथ दो तस्करों को पकड़ा है। यह खेप मणिपुर से राजस्थान भेजी जा रही थी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के सिरसा में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान एएनटीएफ और हरियाणा पुलिस ने करीब 90 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। ‘ऑपरेशन जमुहार’ के तहत पांच राज्यों में चलाए गए अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को राजस्थान एएनटीएफ की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी माना जा रहा है। आईजी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनाराम विश्नोई (44) निवासी पाली और सुखराम विश्नोई निवासी रोहित, पाली के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि तस्करों ने मणिपुर से ट्रक में अफीम छिपाकर भेजी थी, जबकि खुद कार से जयपुर की ओर आ रहे थे। जयपुर में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में अफीम तस्करी का खुलासा होने के बाद हनुमानगढ़ टीम को सिरसा भेजा गया। ट्रक के फास्टैग से सिरसा टोल पार करने का मैसेज मिलते ही एएनटीएफ हनुमानगढ़ की इंस्पेक्टर किरणजीत कौर के नेतृत्व में टीम ने सिरसा में ट्रक को घेरकर पकड़ लिया और भारी मात्रा में अफीम बरामद कर ली।

