लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवा के कारण यूपी के कई जिलों में 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से आंधी चली। जिसके कारण प्रदेश के अलग-अलग जिलो में खंभे, दीवार, टीनशेड और पेड़ गिरने से कुल 96 लोगों की मौत हो गई। जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए है। यातायात और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है।
आंधी तूफान से भदोही में 18 मौत
बताया जा रहा है कि जानलेवा आंधी-तूफान से सबसे ज्यादा भदोही में 18 और प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई। मिर्जापुर में 15 और प्रतापगढ़ में 4 लोगों ने जान गंवाई। फतेहपुर में 10, बरेली में भी 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि उन्नाव और बदायूं में 6-6 लोगों की जान हो गई। वहीं सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई, संभल में 2-2 की मौत हुई है। इसके अलावा कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र, लखीमपुर में भी एक-एक ने जान गंवाई है। कई जगह पेड़ और खंभे गिरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
READ MORE: UP Weather Today: यूपी वाले हो जाएं सावधान, 51 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
सीएम योगी ने मुआवजा देने का दिया निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को मुआवजा देने का निर्देश दिया और कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए। सीएम ने सभी जिलों के DM को फील्ड पर उतरने के निर्देश दिए है। साथ ही कहा कि पीड़ितों से मिलकर हरसंभव मदद करें और जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद जाकर मुलाकात करें। पीड़ितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
READ MORE: Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 14 May: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
जानें आज कैसा रहेगा मौसम
वहीं लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है। शनिवार से मंगलवार तक प्रदेश के दक्षिणी भाग और बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। बुंदेलखंड क्षेत्र में पहले ही तापमान 45 डिग्री सेल्सियस (UP Weather Today) के पार जा चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में शुष्क पछुआ हवाओं के कारण यह और बढ़ सकता है।

