रवि गोयल, सक्ती। जिले के सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर के कक्षा 9वीं के छात्र से मारपीट के आरोप में प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ चंद्रपुर पुलिस ने FIR दर्ज किया है। छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। शिकायत में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट लगने की बात कही गई है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का पुत्र क्षत्रपति गुप्ता सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा 9वीं का छात्र है और विद्यालय के छात्रावास में रहता है। आरोप है कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्रावास के बाथरूम के पास वह अपने सहपाठी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान प्राचार्य जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे और छात्र के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।


प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
शिकायत में छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने छात्र को हाथ-मुक्के से मारने के साथ बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। घटना में छात्र के सिर, पीठ और बाएं पैर के घुटने में चोटें आई है। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वे रात करीब 10 बजे विद्यालय पहुंचे और इसके बाद चंद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा संबंधित पक्षों के बयान लिए जाने और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं छात्र के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
देखें वीडियो –
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

