हेमंत शर्मा, इंदौर। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 हजार लीटर गोवर्धन ब्रांड घी के स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी है। इस घी की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही विभिन्न पैकिंग के 20 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जुलाई से चल रहा है विशेष अभियान
आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्य प्रदेश के निर्देश पर जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में खासतौर पर दूसरे राज्यों से मध्य प्रदेश आने वाले दूध और दुग्ध उत्पादों की निगरानी की जा रही है। कुछ ब्रांडों के घी के नमूने पहले अमानक पाए जाने के बाद उनके खिलाफ विशेष जांच के निर्देश दिए गए थे।
गोवर्धन घी के डिपो पर छापा
कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में 6 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम एबी रोड स्थित पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड के डिपो पहुंची। जांच में सामने आया कि यहां से गोवर्धन ब्रांड घी पूरे मध्य प्रदेश में सप्लाई किया जाता है।प्रतिष्ठान केंद्रीय लाइसेंसधारी होने के कारण एफएसएसएआई वेस्टर्न रीजन, इंदौर की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। केंद्रीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर 20 नमूने लिए और करीब 25 हजार लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये है, उसकी बिक्री पर जांच पूरी होने तक रोक लगा दी।
गोपीश्री ब्रांड घी के भी लिए गए नमूने
इसी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने भावण्या इंटरप्राइजेज, साउथ हरसिद्धि से गोपीश्री ब्रांड घी के 4 नमूने जांच के लिए लिए। साथ ही 312 लीटर घी, जिसकी कीमत करीब 1.34 लाख रुपये है, उसे जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया।
रेस्टोरेंट में मिली गंदगी, नोटिस जारी
एक शिकायत के आधार पर विजयनगर स्थित एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रसोई में साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं पनीर, दही और मसालों के नमूने भी जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
महू में भी जांच, छह नमूने लिए गए
एक अन्य शिकायत के आधार पर महू के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से बेसन, मिठाई, शक्कर और नमकीन के कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता ने संतोष जताया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मुताबिक विशेष अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को संबंधित प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी उत्पाद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


