CEC Gyanesh Kumar Security Increased: मुख्य चुनाव आयुक्त यानी सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन यानी इंडिया ब्लॉक (India Bloc) लगातार प्रदर्शन कर रही है। विपक्षी दलों का गठबंधन आज पूरे देश में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी दलों के प्रदर्शनों के बीच सीईसी ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय (Ministry Of Home Affairs) ने बड़ा फैसला लिया है। अमित शाह (Amit Shah) ने ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी है। CEC आगरा से लेकर दिल्ली तक अभेद सुरक्षा में रहेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मिलने वाली मौजूदा ‘Z+’ सुरक्षा को और बढ़ा दिया है। उनके घर, दफ्तर और उनकी निजी सुरक्षा में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। दिल्ली स्थित आवास और चुनाव आयोग मुख्यालय में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जबकि आगरा स्थित आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त है। अब हालात के नए आकलन के बाद उनके सुरक्षा घेरे में अतिरिक्त जवान शामिल किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। परिसर के भीतर CISF की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं।

पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन हुआ था

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा में उनके पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया गया था। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के विजय नगर स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था।

राहुल गांधी पर दो दिन में 2 एफआईआर दर्ज

बता दें कि चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर 23 सितंबर को इंडियन एक्सप्रेस अखबार के खुलासों के बाद से विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पहले से अधिक आक्रामक है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एसआईर प्रक्रिया के दौरान तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने कई बार आपत्तियां जताई थी। इसके बाद से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक लगातार प्रोटेस्ट कर रही है। 7 अक्टूबर को भी मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को लंच पर बुलाया था। हालांकि लंच के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पहुंच गए थे। इस दौरान कांग्रेस प्रोटेस्टरों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर झुमाझटकी हुई थी।  जंतर-मंतर प्रोटेस्ट (Jantar Mantar protest) के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक तीन FIR दर्ज हुई हैं। इससे पहले, 6 अक्टूबर को मार्च के दौरान आकाशवाणी बिल्डिंग में घुसने के मामले में FIR दर्ज हुई थी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने आज फिर लंच रखा

आज फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने आज फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के सांसदों को लंच पर बुलाया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों को दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस (Connaught Place) में लंच मीटिंग के लिए बुलाया है। यह लंच कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे होगा। संभावना है कि आज भी लंच के बाद इंडिया ब्लॉक के सभी सांसद जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने के लिए कूच करेंगे। कनॉट प्लेस के बिल्कुल नजदीक जंतर-मंतर है। कनॉट प्लेस से जंतर मंतर की दूरी लगभग 300 से 400 मीटर है।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m