आजमगढ़. जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में पत्नी और दो पुजारियों की हत्या करने वाले आरोपी अरविंद सिंह को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों को घर में बंधक बनाकर करीब आठ घंटे तक पुलिस से घिरा रहा. पुलिस के मुताबिक, बच्चों को सुरक्षित निकालने के ऑपरेशन के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें- UP में आज 41 जिलों में बारिश का अलर्ट, 2-3 दिन में मानसून की विदाई के आसार
पूजा के दौरान विवाद के बाद चली गोलियां
मंगलवार (22 सितंबर 2026) शाम अरविंद बाजार से घर पहुंचा था. उस समय घर में पूजा-पाठ चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, पुजारियों से आधार कार्ड मांगने को लेकर अरविंद का विवाद हुआ. कहासुनी बढ़ने के बाद उसने कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग कर दी. गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता सिंह और दो पुजारी महेंद्र पाठक व अखिलेश मिश्रा की मौत हो गई.
तीन बच्चों को कमरे में बनाया था बंधक
फायरिंग के बाद अरविंद अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर एक कमरे में बंद हो गया. पुलिस ने पूरे घर को घेर लिया और आरोपी से लगातार सरेंडर करने की अपील की. मौके पर एसपी डॉ. अनिल कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की फोर्स तैनात रही. पुलिस की प्राथमिकता बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना थी.
पुलिस पर फायरिंग के बाद एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार, बच्चों को बाहर निकालने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद को गोली लगी. घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
10 साल के बेटे की भी मौत, दो बेटियां सुरक्षित
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बंधक बनाए बच्चों में से अपने 10 वर्षीय बेटे को भी गोली मारी थी. गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं उसकी दो बेटियों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.
इसे भी पढ़ें- त्योहारों पर जगमगाएगा यूपी! नहीं होगी बिजली कटौती, सरकार ने तैयार किया ‘फुलप्रूफ प्लान’
पूजा के दौरान शुरू हुए विवाद से लेकर तीन लोगों की हत्या, बच्चों को बंधक बनाने और पुलिस एनकाउंटर तक की पूरी घटना की जांच जारी है. पुलिस घटना के कारणों और आरोपी के हथियारों के इस्तेमाल समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.



