Rajasthan Politics: राजस्थान में REET Paper Leak मामले को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर रीट-2021 समेत पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। इसके बाद मार्च 2025 में राजस्थान हाईकोर्ट के उस फैसले की भी चर्चा शुरू हो गई है, जिसमें सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी गई थी।

हाईकोर्ट ने क्यों खारिज की थी CBI जांच की मांग?
27 मार्च 2025 को राजस्थान हाईकोर्ट ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बनाम राजस्थान राज्य मामले में दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया था। याचिका में REET-2021 Paper Leak की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया था कि मामले की जांच राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) कर रही है। सरकार ने कहा था कि वह एसओजी की जांच से संतुष्ट है और केंद्रीय जांच एजेंसी को मामला सौंपने की आवश्यकता नहीं है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच की मांग स्वीकार नहीं की।
किरोड़ी लाल मीणा ने फिर उठाया मुद्दा
अब कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस पूरे मामले को फिर राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है। उन्होंने रीट-2021 सहित गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुई विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। किरोड़ी लाल मीणा ने अपने पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस नेताओं और राजीव गांधी स्टडी सर्किल से जुड़े कुछ लोगों की कथित भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी की जांच जरूरी है।
कांग्रेस ने किया पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किरोड़ी लाल मीणा के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को राजस्थान में ढाई साल हो चुके हैं और सरकार के पास जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के पूरे अधिकार हैं। डोटासरा ने कहा कि यदि सरकार के पास भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी या भ्रष्टाचार के ठोस सबूत हैं तो उसे कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किरोड़ी लाल मीणा अपनी नाकामियों और विवादों से ध्यान हटाने के लिए ईमानदार लोगों पर आरोप लगा रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- शिक्षा के सहारे सत्ता की खोज! अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला तीखा हमला, शिक्षा और रोजगार को लेकर कह दी बड़ी बात
- पन्ना जिला अस्पताल में मौत का मातम! एक महीने के भीतर SNCU वार्ड में 22 मासूमों की मौत, मचा हड़कंप
- CG News: शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 साल तक बिना अनुमति गायब रहे प्रधान पाठक सेवा से बर्खास्त
- प्रेमी के इश्क में अंधी पत्नी: उजाड़ा अपना सुहाग, फिर रची झूठी हमदर्दी की कहानी, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
- ‘धुरंधर’ वाले उजैर बलोच के भाई पर ल्यारी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

