शामली के कांधला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस से मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर इनाम धूरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।

शामली। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान रविवार शाम कांधला थाना क्षेत्र में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। खंदरावली रजवाहे की पुलिया के पास हुई इस कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर इनाम धूरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए शामली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी पर कपिल देव का हमला, बोले- युवाओं को ‘लॉलीपॉप’ दे रही कांग्रेस

चेकिंग के दौरान भागा

कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांधला थाना पुलिस इलाके में लगातार वाहन चेकिंग कर रही है। रविवार शाम करीब छह बजे थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह पुलिस टीम के साथ खंदरावली जंगल में रजवाहे की पटरी के पास वाहनों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह बाइक मोड़कर तेज गति से भागने लगा। पीछा किए जाने पर वह पास के खेत में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इनाम धूरी पुत्र अफजाल के रूप में हुई है। वह कैराना के मुहल्ला आर्यपुरी का निवासी है और पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

40 से ज्यादा मुकदमे

पुलिस के अनुसार, इनाम धूरी कुख्यात मुकीम काला और फुरकान गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट समेत 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें: “दावे बड़े, हकीकत सिफर!” योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर अखिलेश का करारा प्रहार

पुलिस का कहना है कि आरोपी कैराना में दर्ज जानलेवा हमले के एक मामले में हाल ही में वांछित चल रहा था। पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद एएसपी सुमित शुक्ला और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।