समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 में यूपी में सपा सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सोशल मीडिया पर जाति-धर्म से जुड़ी विवादित टिप्पणियों से बचने की सलाह दी।

सतीश सिंह, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करें।

बूथ स्तर पर मजबूती की अपील

गुरुवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जनपदों से आए नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता साइकिल चुनाव चिन्ह पर मतदान कराने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि जिस प्रत्याशी को पार्टी का सिंबल मिले, उसे सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ सहयोग और समर्थन दें। तभी प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

सोशल मीडिया पर संयम की सलाह

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर संयम बरतने की सलाह देते हुए कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर अच्छी बातों के साथ भ्रामक और गुमराह करने वाली सूचनाएं भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि किसी से विवाद या झगड़ा न करें, न ही कोई गलत टिप्पणी करें। विशेष रूप से जाति और धर्म को लेकर किसी प्रकार की टिप्पणी से बचें तथा अपने आचरण और भाषा में संयम बनाए रखें।

भाजपा और आरएसएस पर निशाना

इस दौरान सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने अयोध्या के राम मंदिर में मिले चंदे और चढ़ावे तक में गड़बड़ी की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बनाई गई सड़कें बनने के तुरंत बाद धंसने और टूटने लगी हैं क्योंकि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का विकास से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है और प्रदेश की जनता इसका जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।