Annapurna Rasoi Rajasthan: राजस्थान में गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने वाली अन्नपूर्णा रसोई की व्यवस्थाओं पर शनिवार को सवाल खड़े हो गए। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर दोपहर करीब 2 बजे कोटा के केशवपुरा चौराहे के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई में अचानक पहुंचे।

उन्होंने बिना पूर्व सूचना के रसोई का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए खुद थाली लेकर खाना खाया। इस दौरान उन्हें जली हुई रोटियां परोसी गईं, जबकि चावल खत्म हो चुके थे। मंत्री के साथ कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई की व्यवस्थाओं को करीब से देखा। भोजन करने के बाद उन्होंने निर्धारित राशि का बिल भी खुद भुगतान किया।
मंत्री की थाली में मिली जली रोटियां
भोजन करने के बाद मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि रसोई में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता कुल मिलाकर ठीक थी, लेकिन रोटियां जली हुई थीं। उन्होंने यह भी पाया कि चावल खत्म हो चुके थे। ऐसे में भोजन करने पहुंचने वाले लोगों को थाली में चावल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।
खाना परोसने से लेकर प्लेट उठाने तक व्यवस्था पर सवाल
निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता के अलावा संचालन से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। मंत्री के मुताबिक, भोजन परोसने की पर्याप्त और व्यवस्थित व्यवस्था नहीं थी। भोजन करने वाले लोग खुद खाना लेकर अपनी थाली में परोस रहे थे। रसोई में टेबल पर जूठी प्लेटें भी रखी मिलीं। इन्हें उठाने के लिए भी उचित व्यवस्था नजर नहीं आई। इससे रसोई की साफ-सफाई और संचालन को लेकर सवाल खड़े हुए।
निगम आयुक्त को जांच के निर्देश
औचक निरीक्षण के बाद मंत्री मदन दिलावर ने कोटा नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा को भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रसोई में लोगों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन मिलना चाहिए और भोजन की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। मंत्री के अचानक निरीक्षण के बाद अधिकारियों में भी हलचल रही। अब निगम स्तर पर अन्नपूर्णा रसोई में भोजन की गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था की जांच की जाएगी। अन्नपूर्णा रसोई योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को किफायती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियां इस व्यवस्था की नियमित निगरानी की जरूरत को सामने लाती हैं।
निगम आयुक्त ने कही कार्रवाई की बात
नगर निगम कोटा के आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने बताया कि केशवपुरा में संचालित अन्नपूर्णा रसोई में मिली कमियों को लेकर मंत्री के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस
- BRICS Summit 2026: मोदी-जिनपिंग मुलाकात के बाद कांग्रेस के 4 सवाल, चीन को लेकर PM पर साधा निशाना
- पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, लुधियाना की 4 महिला नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
- बक्सर में विश्वामित्र सेना का सनातन गौरव सम्मेलन, राजकुमार चौबे ने चिराग-मांझी पर साधा निशाना
- चैन से मरने भी नहीं देंगे..! योगी के क्षेत्र में श्मशान घोटाला, अजय राय ने लगाया गंभीर आरोप



