मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बरेली के 27 वर्षीय कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव की मौत हो गई. नौवीं पीएसी वाहिनी के मैदान में 4800 मीटर की दौड़ के दौरान शिवम अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की बात बताई.

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी का आज ग्रेटर नोएडा दौरा, ट्रैफिक डायवर्जन; नोएडा-ग्रेनो आने-जाने वालों के लिए बदला रूट

12वें राउंड में लक्ष्य से 50 मीटर पहले गिरे

भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को 4800 मीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी थी. इसके लिए कुल 12 राउंड लगाए जाने थे. शिवम ने 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे. 12वें और अंतिम राउंड में लक्ष्य से महज 50 मीटर पहले वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.

सरकारी नौकरी का था सपना

शिवम यादव बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र के नई बस्ती, वंशी नगला बेनीपुर चौधरी के रहने वाले थे. उनके पिता विनोद यादव वकील हैं. चार भाइयों में दूसरे नंबर के शिवम ने होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था. इससे पहले वह दारोगा और सिपाही भर्ती परीक्षाओं में भी शामिल हुए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी.

तीन साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल की बेटी

शिवम पढ़ाई में भी अच्छे थे. उन्होंने 2016 में हाईस्कूल की परीक्षा 90 प्रतिशत और 2018 में इंटरमीडिएट की परीक्षा भी 90 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी. इसके बाद उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया. वर्ष 2023 में उनकी शादी कोमल से हुई थी. उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी है. बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. शव देखने के बाद पिता विनोद यादव की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

इसे भी पढ़ें- यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 IPS और 31 PPS अफसरों के तबादले; कई जिलों में बदली जिम्मेदारी

तीन अभ्यर्थी हुए थे बेहोश

बताया गया कि शुक्रवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान तीन अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गए थे. इनमें शिवम यादव की मौत हो गई. होमगार्ड के 41,424 पदों के लिए इस साल अप्रैल में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. पुलिस प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेज दी है. अब भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.