प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आठ बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव के बच्चे सुबह करीब 11:30 बजे साथ में खेलते हुए पूरब दिशा स्थित पोखरा के पास पहुंच गए। वहीं उन्हें ‘डीजल पौधे’ का बीज मिला, जिसे उन्होंने बादाम समझकर खा लिया। घर लौटने के करीब दो घंटे बाद बच्चों को उल्टी और बेचैनी शुरू हो गई।

गांव में मची चीख-पुकार, अस्पताल में कराया गया भर्ती

एक-एक कर सभी बच्चों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबरा गए। तुरंत उन्हें चैनपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया।

डॉक्टर बोले— समय पर इलाज से खतरे से बाहर

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. त्रिभुवन ने बताया कि सभी बच्चे आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले हैं। जहरीले बीज खाने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

बीमार बच्चों में खुशी कुमारी (8), लाडो कुमारी (4), ट्विंकल कुमारी (7), अरुण कुमार (8), अभिषेक कुमार, कृष कुमार और आशीर्वाद कुमार समेत कुल आठ बच्चे शामिल हैं।