U19 World Cup Semifinal 2026: भारतीय अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से पराजित कर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। इस जीत के नायक आरोन जॉर्ज रहे, जिनकी शानदार शतकीय पारी की बदौलत भारत ने 311 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को महज 41.1 ओवर में हासिल कर लिया।

इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए थे। उजैरुल्लाह नियाजई और फैसल शिनोजादा के शतकों की मदद से अफगान टीम ने भारत के सामने मजबूत लक्ष्य रखा। सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में यह स्कोर किसी भी टीम के लिए आसान नहीं माना जा रहा था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए तेजतर्रार साझेदारी हुई, जिससे रन गति शुरू से ही भारत के पक्ष में रही। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए मध्यक्रम को संभाले रखा।

इस मुकाबले के हीरो रहे आरोन जॉर्ज, जिन्होंने दबाव भरे हालात में शतक जड़ते हुए भारत की जीत की नींव रखी। उनके संयम और आक्रामकता के संतुलन ने अफगान गेंदबाजों को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने 41.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 311 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत के लिए आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। वहीं, वैभव ने 33 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन, जबकि म्हात्रे ने 59 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों के सहारे 62 रन की पारी खेली। विहान मल्होत्रा 47 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 और वेदांत छह गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी ओमरजई ने दो विकेट झटके, जबकि वाहिदुल्लाह जादरान को एक विकेट मिला। 

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी अजेय लय बरकरार रखी है। ग्रुप स्टेज से लेकर सेमीफाइनल तक टीम इंडिया ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया और अब खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है।

गौरतलब है कि पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। अब 6 फरवरी को हरारे में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम एक बार फिर अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H