Bihar Crime: बिहार के मधेपुरा में कल गुरुवार को एक नाबालिग छात्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारी थी। मृतक की पहचान भटगामा के रहने वाले विनोद सिंह के पुत्र तन्मय कुमार (16) के रूप में हुई है। पूरा मामला चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा गांव की है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र के पिता विनोद सिंह रिटार्यड फौजी हैं। कल दोपहर एक बजे के करीब तन्मय ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। इस घटना क्रम में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची चौसा थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया। मौके पर जांच के लिए एसएफएल की टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि, तन्मय पटना में रहकर इंटर की पढ़ाई करता था। इस दौरान उसे नशे की लत लग गई। यही कारण है कि करीब डेढ़ महीने पहले उसके पिता उसे पटना से गांव लेकर आ गए थे।

हालांकि छात्र के आत्महत्या के पीछे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि घटना को लेकर गांव में लोगों के बीच अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- सावधान! बारिश और बर्फबारी….बिहार में फिर लौटेगी कंपकंपी वाली ठंड, मौसम विभाग ने लोगों को दी यह सलाह