India Won WC Under19 Title : रायपुर. भारत के 6वीं बार अंडर-19 विश्व कप विजेता बनने पर सीएम विष्णु देव साय और मंत्री ओपी चौधरी ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं और बधाई दी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Sai) के सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय युवा टीम ने इंग्लैंड को हराकर देश को गौरवान्वित किया है. इस ऐतिहासिक जीत पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.

सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी बनेगी प्रेरणा 

सीएम साय के पोस्ट में आगे लिखा गया कि विशेष रूप से युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर न केवल मैच को भारत के पक्ष में मोड़ा, बल्कि अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट की नई ताकत का परिचय दिया. उनका यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा. यह जीत भारतीय युवाओं की क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है. हमें विश्वास है कि हमारी युवा टीम भविष्य में भी इसी जोश और जज़्बे के साथ देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहेगी.

मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई 

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अंडर-19 वर्ल्ड में भारत की जीत को ऐतिहासित बताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाकर हमारे लड़कों ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया. वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी और सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से मिली यह जीत ऐतिहासिक है. विजेता भारतीय अंडर-19 टीम के प्रत्येक सदस्य का हार्दिक अभिनंदन. हमें आप पर गर्व है.

मैच हाइलाइट्स 

भारतीय टीम ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी. इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है. पिछला रिकॉर्ड 253 रन का है, जो कि ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 2024 में बनाया था. वैभव सूर्यवंशी 80 बॉल पर 175 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 218.75 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 15 चौके और 15 छक्के लगाए. कप्तान आयुष म्हात्रे (53 रन) ने अर्धशतक लगाया. अभिज्ञान कुंडू ने 40, वेदांत त्रिवेदी ने 32 और विहान मल्होत्रा ने 30 रन बनाए. कनिष्क चौहान 37 रन बनाकर नाबाद लौटे. इंग्लैंड की ओर से जेम्स मीटो ने 3 विकेट झटके. सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन को 2-2 विकेट मिले. दूसरी पारी में 40.2 ओवर में 311 रन पर इंग्लैंड की पूरी टीम पवेलियन लौट गई. इंग्लैंड टीम के लिए कालेब फाल्कनर ने 115 रन और बेन डॉकिन्स ने 66 रन की पारी खेली.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H