सौरभ राजपूत की मां रेनू देवी ने कहा है कि मुस्कान की जेल में जन्मी छोटी बेटी साहिल शुक्ला की है, इसलिए परिवार न उसे अपनाएगा और न उसका डीएनए टेस्ट कराएगा. उन्होंने कहा कि सात साल की बड़ी बेटी पीहू को वे अपनाने और उसकी पूरी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं.
मेरठ. नीला ड्रम केस में मृतक सौरभ राजपूत की मां रेनू देवी ने मुस्कान की जेल में जन्मी बेटी को अपनाने से साफ इनकार कर दिया है. न्यायालय पहुंची रेनू देवी ने कहा कि वह बच्ची उनके बेटे की नहीं, बल्कि मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की संतान है.
छोटी बच्ची पर परिवार का रुख
रेनू देवी के मुताबिक मुस्कान की छोटी बेटी राधा का जन्म 24 नवंबर 2025 को जेल के भीतर हुआ. यह तारीख सौरभ का जन्मदिन भी थी. उन्होंने बताया कि बच्ची के जन्म पर साहिल बेहद खुश था. उसने बैरक के अन्य बंदियों से कहा था कि जेल से बाहर निकलने पर वह सबको मिठाई खिलाएगा. सौरभ के परिजनों ने स्पष्ट किया है कि वे इस बच्ची का डीएनए मिलान भी नहीं कराएंगे. उनका कहना है कि बच्ची का उनके परिवार से कोई संबंध नहीं है.
बड़ी बेटी को अपनाने को तैयार
मुस्कान और सौरभ की सात साल की बड़ी बेटी पीहू इस समय अपने नाना-नानी के पास रह रही है. रेनू देवी ने कहा कि पीहू उनके बेटे का अपना खून है. उनके अनुसार, यदि नाना-नानी बिना किसी कानूनी कार्रवाई के पीहू को सौंपना चाहें, तो सौरभ का पूरा परिवार उसे अपनाने और उसकी पूरी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है.
व्हाट्सएप स्टेटस से गुमराह करती रही मुस्कान
सौरभ के भाई राहुल उर्फ बबलू ने बताया कि सौरभ 7 मार्च 2025 से लापता था. इसी दौरान मुस्कान पति का मोबाइल अपने साथ लेकर प्रेमी साहिल के साथ हिमाचल प्रदेश के कसौल चली गई थी. पुलिस और परिजनों को भ्रम में रखने के लिए वह सौरभ के व्हाट्सएप स्टेटस पर पहाड़ों और बर्फ की तस्वीरें लगाती रही. मकसद यह दिखाना था कि सौरभ जीवित है और कहीं घूमने गया है. इन स्टेटस में सौरभ की अपनी कोई तस्वीर नहीं होती थी, जिससे राहुल को शक हुआ. बाद में पुलिस ने मुस्कान के पास से मोबाइल बरामद किया. उसकी गैलरी खंगालने पर कसौल की तस्वीरें और वीडियो मिले.
बंद मकान से आ रही थी बदबू
सौरभ की तलाश में राहुल उसके किराए के मकान पर पहुंचा, तो वहां ताला लगा मिला. फोन पर मुस्कान ने कहा कि वह मायके में है और उसे सौरभ के बारे में कुछ पता नहीं है. अनहोनी की आशंका होने पर राहुल आसपास पूछताछ करने लगा. तभी मुस्कान अपने प्रेमी साहिल के साथ वहां पहुंच गई. राहुल के सख्त सवालों पर दोनों चुप रह गए. राहुल जब मकान के भीतर गया, तो उसे तेज बदबू महसूस हुई. इसके बाद उसने तुरंत ब्रह्मपुरी पुलिस को सूचना दी.

