IND vs USA T20 World Cup 2026: आज से क्रिकेट के महाकुंभ यानी टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो गया है। आज दिन के तीसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत और यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) की टीमें आमने-सामने हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस के वक्त बताया कि उनकी प्लेइंग 11 में छह बल्लेबाज दो ऑलराउंडर और तीन गेंदबाजों को मौका मिला है। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में वाशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन नहीं खेल रहे हैं। वहीं, बुमराह की तबीयत ठीक नहीं है। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिला है, जो हर्षित राणा की जगह शुक्रवार को टीम का हिस्सा बने थे।

भारत और यूएसए के बीच यह मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले आइए वानखेड़े की पिच रिपोर्ट, भारत और यूएसए के हेड-टू-हेड आंकड़े, लाइव स्ट्रीमिंग और दोनों टीमों की प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
बता दें कि सूर्यकुमार यादव पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। वहीं यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल हैं, जिनका जन्म भारत में ही हुआ है। इससे पहले साल 2024 के टी20 विश्व कप में भी दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला गया था। तब टीम इंडिया ने बड़ी आसानी से जीत हासिल की थी। इस बार देखना होगा कि यूएसए की टीम भारत को कितनी टक्कर दे पाती है।
भारत और यूएसए के हेड टू हेड आंकड़े

भारत और यूएसए की टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ एक मुकाबला हुआ है, जो 2024 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क में खेला गया था। उस मैच में भारत ने आसानी से जीत दर्ज की थी। तब यूएसए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 110 रन बनाए थे। वहीं भारत ने लक्ष्य को 18.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल किया था। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले इंडिया ए की टीम और यूएसए के बीच एक वॉर्मअप मैच खेला गया था। उस मैच में यूएसए की टीम ने भारत की ए टीम को कड़ी चुनौती दी थी। ऐसे में फैंस को ग्रुप स्टेज में भी दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, क्योंकि यहां की पिच उन्हें खूब रास आती है। अन्य स्टेडियमों की तुलना में यहां की बाउंड्री भी थोड़ी छोटी है, जिससे रन बनाना आसान हो जाता है। गेंदबाजों के नजरिये से देखें तो पिच स्पिनरों को सीमित रूप से मदद देती है, लेकिन उनसे ज्यादा प्रभाव की उम्मीद करना ठीक नहीं होगा। वहीं तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ सहायता मिलती है और वे नई गेंद से जल्दी विकेट निकालने की कोशिश करेंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए इस विश्व कप में वानखेड़े स्टेडियम पर बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिलने की पूरी संभावना है।
वानखेड़े में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख आंकड़े
वानखेड़े स्टेडियम पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वर्ष 2012 में खेला गया था। अब तक यहां कुल 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 5 मैचों में सफलता मिली है।

इस मैदान पर अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी अभिषेक शर्मा ने खेली है, जिन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 135 रन बनाए थे। वहीं, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन शिवम मावी के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट 22 रन देकर झटके थे। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम को आमतौर पर बढ़त मिलती नजर आती है।
इस स्टेडियम में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भारतीय टीम के नाम दर्ज है, जिसने इंग्लैंड के खिलाफ 247/9 रन बनाए थे। वहीं, इस मैदान पर सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है, जिसने भारत के खिलाफ सिर्फ 97 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का इस मैदान पर औसत स्कोर 197 रन रहा है। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो विराट कोहली ने यहां 3 मैचों की 3 पारियों में सर्वाधिक 197 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और काइल एबॉट ने इस मैदान पर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 विकेट झटके हैं।
भारत और यूएसए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत
इशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज
यूएसए
सैतेजा मुक्कामल्ला, एंड्रीज गॉस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान।
भारत बनाम अमेरिका मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कैसे देखें?
भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले यानी 6:30 बजे होगा। लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है, जबकि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी।
फ्री में टीवी पर कैसे देखें भारत बनाम अमेरिका मैच?
भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में देखा जा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप में डीडी स्पोर्ट्स सिर्फ भारत के मैचों का लाइव टेलीकास्ट करेगा। जिन दर्शकों के घर में फ्री डिश टीवी है, वे डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भारत के सभी मैच फ्री में देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


