अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज (नायलॉन) मांझा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने ग्राम खण्डवारी चहनिया स्थित एक जनरल स्टोर से 4.745 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया.

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई. थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे न्यू जय मां काली 99 प्लास्टिक व जनरल स्टोर पर छापेमारी की.

इसे भी पढ़ें : निषाद समाज से जुड़ी कई जातियों को जारी किया जा रहा OBC प्रमाण पत्र, संवैधानिक प्रावधानों का बताया उल्लंघन, शासन से तत्काल रोक लगाने की मांग

छापेमारी के दौरान दुकान से 4.745 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया और मौके से रामाश्रय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पतंगबाजी के मौसम में चाइनीज मांझा बेचकर अच्छा मुनाफा मिलता है, इसी वजह से वह इसकी बिक्री करता था. उसने यह भी बताया कि मांझा उसे वाराणसी से एक व्यक्ति लाकर देता था. बीएनएस और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.