कुंदन कुमार, पटना। बिहार में बढ़ रहे अपराध, हत्या, बलात्कार को लेकर विधान परिषद के बाहर विपक्ष के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। विपक्ष के सदस्य इन सभी मुद्दों पर सदन के अंदर सरकार से जवाब देने की मांग कर रहे हैं। विपक्ष के सदस्य सदन के मुख्य गेट पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कानून व्यवस्था ठीक करने में सरकार नाकाम- राबड़ी देवी

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रावड़ी देवी ने कहा कि, बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। सरकार इसको ठीक करने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि, लगातार महिलाओं की हत्या हो रही है। बलात्कार किया जा रहा है। बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है।

यह सरकार पहले कहती थी कि कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगा तो हम इस्तीफा दे देंगे, लेकिन यह सरकार ना ही कानून व्यवस्था को लेकर सदन में जवाब दे रही है ना ही सरकार के लोग इस्तीफा दे रहे हैं, जो कि गलत है बिहार की जनता सब कुछ देख रही है।

राजद के पास कोई मुद्दा नहीं- जदयू विधायक

विपक्ष के हंगामें पर जदयू विधायक अजीत कुमार ने कहा कि, राजद के नेताओं के पास अब कोई मुद्दा नहीं है। इसीलिए सदन में कुछ से कुछ बयान देते हैं। बिहार में अपराध पर बोलने वाले लोगों को शर्म आना चाहिए, उन्हें समझना चाहिए कि अब वो दिन नहीं की शो रूम से गाड़ी उठा लिया जाय और कंप्लेन करने पर पता चले कि अन्ने मार्ग से ही संपर्क कर लिया जाय।

अजीत कुमार ने कहा कि, ऐसा जमाना अब नहीं है, जहां अपराध होता है। पुलिस मौके पर पहुंचती है और कारवाई होती है। ये बात जनता भी देख रही है। इसलिए ये लोग कुछ बोले सच्चाई यह है कि यहां कानून का राज है।

ये भी पढ़ें- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पर टूटा दुखों का पहाड़, इलाज के दौरान मुंबई के अस्पताल में मां का निधन