पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद पास जाकर देखने पर नहर किनारे युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू के मुताबिक, घटना श्यामनगर-देवरी मार्ग की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी। आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे झाड़ियों के पास एक शव दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की है। बताया जा रहा है कि चंचल 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।

इसे भी पढ़ें: पत्नी को कमरे में बंद कर धारदार हथियार से मार रहा था पति, बचाने पहुंची मां और बहन पर भी किया हमला, तीनों की हालत गंभीर

शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवती के कॉल डिटेल्स सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले का खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H