बालासोर। ओडिशा के बालासोर ज़िले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी से परेशान एक पिता ने अपने ढाई साल के बेटे को कथित तौर पर 1 लाख रुपये में बेच दिया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला बालासोर जिला के नीलगिरी नोटिफाइड एरिया काउंसिल अंतर्गत बारीसाही गांव का है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोपी सौदेबाजी करते हुए नजर आ रहा था। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राकेश कुमार बेहरा उर्फ कुआ के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने 1 लाख रुपये में बच्चे को बेचने की बात तय की थी और 50,000 रुपये अग्रिम राशि के तौर पर ले लिए थे। आरोपी ने दावा किया कि आर्थिक संकट और चार बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बच्चे को एक कथित बिचौलिए के माध्यम से पश्चिम बंगाल के एक डॉक्टर को सौंपा गया था। हालांकि, बताए जा रहे बिचौलिए ने इस पूरे प्रकरण में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

एक स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर नीलगिरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिमिनीभाटी इलाके से बच्चे को खोज निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू किया। फिलहाल बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ा मानव तस्करी गिरोह तो सक्रिय नहीं है। स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H