Australia Super 8 Scenario: टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया तीन में से 2 मैच हार चुकी है. अब उसे तभी सुपर 8 में जगह मिल सकती है, जब वह अपना आखिरी मैच जीते और उसकी दुआ का असर ऐसा हो कि जिम्बाब्वे अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ले.

Australia Super 8 Scenario: टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया की हालत खराब है. पहले उसे जिम्बाब्वे ने हराया, फिर श्रीलंका ने भी रौंद दिया. मतलब शुरुआत में 3 में से दो मैच हार चुकी है. 16 फरवरी को जैसे ही उसे श्रीलंका ने हराया तो एक ही सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया कि क्या ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म हो गया? 2021 का खिताब जीतने वाली टीम बाहर हो गई? सभी को लग रहा है कि अब ऑस्ट्रेलिया अगले दौर यानी सुपर 8 में जगह नहीं बना पाएगी, लेकिन हकीकत इसके उलट है. ये टीम सुपर 8 में अभी भी एंट्री मार सकती है. ये कमाल कैसे होगा? आइए समीकरण भी समझ लेते हैं.

इसमें कोई शक नहीं है कि ऑस्ट्रेलिया सुपर 8 की रेस से बाहर होने की कगार पर है, लेकिन एक समीकरण कहता है कि ये टीम सुपर 8 में एंट्री कर सकती है. इस समीकरण को जानने से पहले ग्रुप बी की स्थिति जान लेना चाहिए. ग्रुप बी में श्रीलंका 6 अंकों के साथ सुपर 8 में पहुंच चुकी है. अब इस ग्रुप से एक और टीम आगे जाएगी. फिलहाल नंबर 2 पर जिम्बाब्वे है, जिसने दोनों मैच जीतकर 4 अंक जुटाए हैं. ऑस्ट्रेलिया नंबर 3 पर है, जिसके पास 3 मैचों में सिर्फ 2 अंक हैं. सुपर 8 में नंबर दो पर रहने वाली टीम ही एंट्री लेगी.

क्या है समीकरण?

अब ऑस्ट्रेलिया का समीकरण ये है कि उसकी एंट्री का रास्ता जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाले मैच के रिजल्ट के बाद ही खुलेगा. यह अहम मुकाबला 17 तारीख को खेला जाना है. ऑस्ट्रेलिया दुआ करेगी कि यह मैच आयरलैंड जीते, जबकि जिम्बाब्वे हार जाए. अगर ऐसा हुआ तो ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद जिंदा रहेगी, क्योंकि जिम्बाब्वे के तीन मैचों के बाद 4 ही अंक रहेंगे.

इसके बाद 19 तारीख को जब श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच मैच होगा तो ऑस्ट्रेलिया फिर से दुआ करेगी कि यह मैच भी जिम्बाब्वे हार जाए. ऐसा हो गया तो जिम्बाब्वे 4 अंकों पर ही सिमट जाएगी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया 20 तारीख को ओमान के खिलाफ अपना मैच जीतना चाहेगी, ताकि उसके कुल 4 अंक हो सकें. जिम्बाब्वे दोनों मैच हारे और ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच जीते तो उसका नेट रन रेट बेहतर हो जाए है. ये तीनों चीजें ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद के हिसाब से हो गईं तो फिर सुपर 8 में ऑस्ट्रेलिया को जाने से कोई रोक नहीं सकता.

ऐसा हुआ तो टूट जाएगा ऑस्ट्रेलिया का सपना

ऑस्ट्रेलिया का सपना तब टूट सकता है जब जिम्बाब्वे कमाल कर दे. अगर जिम्बाब्वे ने अपने बचे हुए दो मैचों में से एक भी जीत लिया तो उसका काम बन जाएगा और वह सुपर 8 में पहुंच जाएगी.