T20 World Cup 2026 Super 8 scenario: टी20 विश्व कप 2026 का सफर अब रोमांचक मोड़ पर आ खड़ा हुआ है. ग्रुप स्टेज के मुकाबले आखिरी चरण में हैं. 4 ग्रुप की टॉप 2-2 टीमें सुपर 8 में जाएंगी. यहां हम बात ग्रुप बी की करेंगे, जिससे श्रीलंका ने सुपर 8 में एंट्री कर ली है. दूसरे नंबर की टीम के लिए रोमांचक समीकरण बन चुका है. जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड तीनों ही रेस में हैं, लेकिन लगता है कि आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया का दिल टूटने वाला है. ऑस्ट्रेलिया 3 में से 2 मैच हार चुकी है. उसे उम्मीद थी कि 17 तारीख यानी आज होने वाले मुकाबले में आयरलैंड की टीम जिम्बाब्वे को हरा देगी, लेकिन शायद इंद्र देव भी ऑस्ट्रेलिया से रूठे-रूठे लग रहे हैं.
जिस जिम्बाब्वे-आयरलैंड के बीच होने वाले मुकाबले पर कंगारू टीम नजरें गड़ाए बैठी है, उसमें बारिश ने खलल डाला है. अब शायद ये मुकाबला हो भी ना और जिम्बाब्वे बिना खेले ही सुपर 8 में एंट्री कर ले. ऐसा हुआ तो ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड का दिल टूटना तय है. दोनों का ग्रुप स्टेज में ही सफर खत्म हो जाएगा.
बारिश ने बिगाड़ा खेल
दरअसल, ग्रुप बी के तहत पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर तीन बजे से जिम्बाब्वे का सामना आयरलैंड से होना था, लेकिन करीब 6 बज चुके हैं और मैच अब तक शुरू नहीं हुआ. बारिश के चलते पिच कवर है. हालात ये हैं कि टॉस तक नहीं हुआ. ये वही मैच है, जिससे 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की किस्मत का फैसला होना है. अगर ये मुकाबला बारिश की वजह से धुल जाता है तो ग्रुप-बी की तस्वीर कैसी होगी, आइए जान लेते हैं.
श्रीलंका ने ग्रुप बी से सुपर 8 में मारी एंट्री
ग्रुप बी से श्रीलंका सुपर 8 में जा चुकी है. उसने 16 तारीख को ऑस्ट्रेलिया को मात देकर अगले दौर का टिकट कटाया. श्रीलंका से हारने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम फंस चुकी है. ऑस्ट्रेलिया को तभी सुपर 8 में एंट्री मिलनी थी जब आज के मैच में आयरलैंड की टीम जिम्बाब्वे को हरा देती, फिर श्रीलंका भी जिम्बाब्वे को मात दे देती और ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच ओमान से जीत लेती, लेकिन आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे मैच बारिश की भेंट चढ़ने वाला है तो ऑस्ट्रेलिया का सपना टूट सकता है.
जिम्बाब्वे vs आयरलैंड मैच रद्द होने पर किसका सफर खत्म होगा?
सुपर 8 में जाने के लिए जिम्बाब्वे को बचे हुए दो में से एक मैच जीतना है. अगर आयरलैंड के खिलाफ उसका आज का मैच रद्द हो जाता है तो वह बिना खेले ही सुपर 8 में एंट्री कर लेगी, क्योंकि उसे एक अंक मिलेगा तो कुल 5 अंक के साथ वह सुपर 8 में चली जाएगी. ऐसा होने पर ऑस्ट्रेलिया इस विश्व कप से बाहर हो जाएगा, क्योंकि फिर ऑस्ट्रेलिया अपने आखिरी मुकाबले में ओमान को मात देकर कुल 4 अंक तक ही पहुंच पाएगी, जो सुपर 8 में पहुंचने के लिए काफी नहीं होगा. वहीं आयरलैंड भी श्रीलंका से आखिरी मैच मुश्किल ही जीते और उसका सफर 2 अंकों के साथ ही खत्म हो सकता है.
अगर जिम्बाब्वे आज हार गई तो क्या होगा?
मान लीजिए कि अगर आज जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच कुछ ओवर का मैच हो भी गया तो ऑस्ट्रेलिया को ये दुआ करनी होगी कि आयरलैंड जीते, क्योंकि अगर जिम्बाब्वे हारता है तो ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर 8 का दरवाजा खुल जाएगा. फिर जिम्बाब्वे सुपर 8 में जगह तभी बना पाएगी जब वह अपने आखिरी मैच में श्रीलंका जैसी मजबूत टीम को हरा दे, जो काफी मुश्किल है.
ऐसा हुआ तो सुपर 8 में जाएगी ऑस्ट्रेलिया
ग्रुप बी में जिम्बाब्वे के पास 2 मैचों में 4 अंक हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के पास 3 मैचों में सिर्फ 2 अंक हैं. अब ऑस्ट्रेलिया को चाहिए कि जिम्बाब्वे बचे हुए अपने दोनों मैच हारे, फिर कंगारू टीम अपना आखिरी मैच ओमान के खिलाफ बड़े अंतर से जीते. ऐसा हुआ तो कंगारू टीम 4 अंक और बेहतर रन रेट के साथ सुपर 8 में जा सकती है. हालांकि ऐसा होना बेहद मुश्किल है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आज का मुकाबला हो पाता है या नहीं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


