CG Crime News : बिलासपुर. बिलासपुर शहर के सिरगिट्टी के तिफरा स्थित पुरानी पुलिस कॉलोनी के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना 22 फरवरी की दोपहर की बताई जा रही है. आरोप है कि, खेलते समय बच्चों की बॉल पास के विवेकानंद स्कूल परिसर में चली गई. जिसे लेने के लिए बच्चे स्कूल पहुंचे तो वहां के प्राचार्य समेत अन्य लोगों ने बच्चों को बुरी तरह पीटा. आरोप है कि बच्चों को वहीं रख लिया गया था और जाने नहीं दिया गया. इन बच्चों में पुलिसकर्मी का भी बच्चा शामिल था. पुलिस से मामले की शिकायत हुई है. परिजनों की शिकायत पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्रिंसिपल समेत अन्य पर गंभीर आरोप
प्रार्थिया प्रेम कुंवर जगत, निवासी पुरानी पुलिस कॉलोनी तिफरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 22 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे उनका पुत्र वंश जगत अपने साथियों राजवीर उर्फ रॉकी, रिहान उरांव और राजीव बंजारे के साथ कॉलोनी के मैदान में क्रिकेट खेल रहा था. खेल के दौरान गेंद पास स्थित विवेकानंद स्कूल परिसर में चली गई. बच्चे गेंद लेने स्कूल परिसर में गए थे, तब यह घटना हुई.
शिकायत के अनुसार, स्कूल परिसर में मौजूद प्राचार्य नामित विश्वकर्मा, युवराज और अन्य लोगों ने बच्चों से कहा कि वे लोग स्कूल परिसर में क्यों आए, इसके बाद गालियां देते हुए मारपीट की. आरोप है कि वंश जगत को दीवार से पटककर मारा गया. राजवीर उर्फ रॉकी और रिहान उरांव को हाथ-मुक्कों से पीटा गया. राजीव बंजारे को हाथ-मुक्कों के साथ पाइप से मारने का भी आरोप लगाया गया है. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद बच्चों को कुछ समय तक स्कूल परिसर में ही रोके रखा गया.
परिजन पहुंचे थाने, अपराध दर्ज
घटना की जानकारी मिलने पर प्रेम कुंवर जगत ने अपने पति हरीश जगत (आरक्षक, बलौदा बाजार) को सूचना दी. इसके बाद बच्चों के परिजनों के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. मामले में सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


