दिल्ली सरकार केंद्र की ‘राह-वीर’ योजना लागू करेगी, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों की तुरंत मदद के लिए आम नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को इसकी घोषणा की। इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को तत्काल सहायता प्रदान करेगा और उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगा, उसे 25,000 रुपये का पुरस्कार और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।

दिल्ली में लागू होने जा रही ‘राह-वीर’ योजना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कानूनी पेचीदगियों या पुलिस कार्रवाई के डर से लोग अक्सर सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने से हिचकिचाते हैं। यह योजना ऐसी आशंकाओं को दूर करेगी और लोगों को आगे आकर घायलों की सहायता करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य सिर्फ गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाना नहीं, बल्कि समाज में करुणा और संवेदनशीलता की संस्कृति को भी बढ़ावा देना है। सरकार का मानना है कि जब आम लोग सक्रिय रूप से मदद के लिए आगे आएंगे, तो सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी बढ़ने से “गोल्डन आवर” में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव होगा, जिससे उपचार में देरी नहीं होगी और अधिक जीवन बचाए जा सकेंगे।

दिल्ली सरकार ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए ‘राह-वीर’ योजना लागू करने का निर्णय केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के आधार पर लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करते हुए दिल्ली ने इसे अपनाया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 134ए के तहत अधिसूचित “सद्भावना (गुड सेमरिटन) नियमों” के अनुरूप तैयार की गई है, ताकि हादसा पीड़ितों की मदद करने वालों को कानूनी सुरक्षा और प्रोत्साहन मिल सके। योजना के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति का गठन किया जाएगा। इसमें जिला मजिस्ट्रेट, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति मददगारों के मामलों की समीक्षा कर पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी।

दिल्ली में लागू होने जा रही ‘राह-वीर’ योजना के तहत सड़क हादसा पीड़ितों की मदद करने वालों को पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसके लिए एक अलग बैंक खाता रखा जाएगा और पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री के अनुसार सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्यों को प्रारंभिक अनुदान भी देगा। हर वर्ष चुने गए 10 सबसे उत्कृष्ट “राह-वीरों” को 1 लाख रुपये का विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m