CG Crime News : जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के सड़क मार्ग लंबे वक्त से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल होते आ रहे हैं. सूखे नशे की तस्करी पर शिकंजा कसने पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है. जगदलपुर के नेशनल हाईवे 63 पर पुलिस ने मंगलवार को नाकेबंदी कर ओडिशा की ओर से आ रही इन्नोवा को रुकवाया. पूछताछ और तलाशी लेने पर एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार से 42 किलों से अधिक का गांजा बरामद किया गया है. कार्रवाई थाना बोधघाट क्षेत्र में की गई है. 

जानकारी के मुताबिक,  पुलिस को मुखबीर से सोमवार को सूचना मिली थी कि एक इन्नोवा में दो लोग पीछे सीट में गांजा रखकर जगदलपुर की तरफ जा रहे हैं. टीआई ने थाना स्टाफ के साथ NH 63 के आड़ावाल में नाकाबंदी कर कार को रोककर तलाशी ली.  आरोपियों ने अपना नाम ओडिशा निवासी बाल्बो उर्फ़ बल्लब भत्तरा और अमरज्योति हिरन बताया. कार से पीछे सीट में भूरे रंग के टेप से लिपटे छोटे बड़े कुल 08 पैकेट्स से 42.431 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 21,21,550 रुपए आंकी गई. साथ ही उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, 2 नग जिंदा कारतूस जब्त किया गया है. 

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. उन्हें विशेष कोर्ट एनडीपीएस जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा के लिए जेल भेज दिया गया.