मथुरा। बरसाना में मंगलवार को लड्डू होली के साथ ब्रज के आधिकारिक रंगोत्सव का भव्य शंखनाद हुआ। कान्हा की नगरी मथुरा में बसंत पंचमी से शुरू हुई होली की उमंग अब चरम पर पहुंच गई है। विश्व प्रसिद्ध लाड़ली जी मंदिर (श्रीजी मंदिर) में परंपरा के अनुसार नंदगांव से फाग स्वीकार होने का संदेश पहुंचते ही गोस्वामी समाज और श्रद्धालु उल्लास से झूम उठे।

लठामार होली के औपचारिक निमंत्रण की खुशी

खुशी के प्रतीक स्वरूप मंदिर प्रांगण में लड्डुओं की वर्षा की गई, जिसे पाने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालु उत्साहित नजर आए।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लड्डू होली राधा-कृष्ण के निश्छल प्रेम का प्रतीक मानी जाती है और लठामार होली के औपचारिक निमंत्रण की खुशी में खेली जाती है। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध लठामार होली की शुरुआत हो गई है, जिसका आयोजन बुधवार को किया जाएगा।

READ MORE: विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी, फर्जी वीजा और टिकट देकर भेजा फॉरेन, फिर…

भारी पुलिस बल तैनात

भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। क्षेत्र को विभिन्न मेला जोन में विभाजित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अगले एक सप्ताह तक ब्रजमंडल भक्ति, संगीत और रंगों के उत्सव में सराबोर रहेगा।