Crime News : दुर्ग. जिले के भिलाई के थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (c) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया है.

जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:56 बजे थाना भिलाई भट्टी को सूचना मिली कि सेक्टर-01 स्थित पंप हाउस के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट का अवैध परिवहन एवं विक्रय कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को हिरासत में लिया.

भारी मात्रा में नशीली दवा जब्त

विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गई. साथ ही एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग परिवहन में किया जा रहा था. इस मामले में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 22 (c) NDPS Act के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है.

गिरफ्तार आरोपी
1. सागर सिंह राजपूत (21 वर्ष), निवासी वार्ड 18, सेक्टर 03, भिलाई
2. अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी वार्ड 6/F, सेक्टर 01, भिलाई