पटना/बाढ़। बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत सलेमपुर गांव में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आलम यह था कि तनावपूर्ण माहौल के बीच दुल्हन की विदाई भी जल्दबाजी में करानी पड़ी।
देर रात पत्थरबाजी और सुबह फिर भड़की हिंसा
मामले की शुरुआत बुधवार देर रात हुई। शादी में दहपुजी रस्म के दौरान डीजे पर डांस और गाने को लेकर मामूली गलतफहमी हुई। दूसरे पक्ष का आरोप था कि डीजे के शोर में किसी महिला के साथ बदतमीजी की गई है। इसी बात को लेकर रात में जमकर पत्थर चले। हालांकि, मामला वहां शांत नहीं हुआ और गुरुवार की सुबह फिर से दोनों गुट आमने-सामने आ गए। लगभग दो घंटे तक गांव में बवाल चलता रहा, जिसमें शादी के लिए रखी कुर्सियां तोड़ दी गईं और दो लोगों के सिर फट गए।
पुरानी रंजिश और बाहरी तत्वों का आरोप
पीड़ित पक्ष की महिलाओं का कहना है कि यह विवाद जानबूझकर पैदा किया गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने बाहर से असामाजिक तत्वों को बुलाकर हमला करवाया। परिजनों का दावा है कि जब भी उनके घर में कोई मांगलिक कार्य या खुशी का माहौल होता है, दूसरा पक्ष विवाद खड़ा कर देता है। ऐसी घटनाएं पहले भी तीन बार हो चुकी हैं।
पुलिस की कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। इस बवाल के कारण शादी की रस्में भी ठीक से पूरी नहीं हो पाईं और डर के माहौल में लड़की को विदा किया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


