हरदोई में सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को इस देशव्यापी अभियान (एचपीवी वैक्सीन) का शुभारंभ करेंगे। हरदोई जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14–15 वर्ष की करीब 1.15 करोड़ किशोरियों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त गार्डासिल-4 टीका लगाया जाएगा। भारत में हर साल 80 हजार सर्वाइकल कैंसर मामले सामने आते हैं जबकि लगभग 42 हजार महिलाओं की मौत इस बीमारी के कारण हो जाती है। विशेषज्ञों ने टीकाकरण के साथ स्क्रीनिंग पर भी जोर दिया.

केंद्र सरकार 28 फरवरी से देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू करेगी, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अजमेर से करेंगे।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिससे टीकाकरण के माध्यम से बचाव संभव है। इस अभियान के तहत जनपद स्तर पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। विभाग का मुख्य ध्यान 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों पर है, क्योंकि इस उम्र में दिया गया टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को कम करता है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, लॉन्च कार्यक्रम से सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उसी दिन अपने-अपने स्तर पर टीकाकरण शुरू करेंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश मामले ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण से जुड़े होते हैं, जिसे टीकाकरण से रोका जा सकता है।

एम्स दिल्ली के गायनेकोलॉजी विभाग की पूर्व प्रमुख और एम्स भटिंडा की प्रेसिडेंट पद्मश्री डॉ. नीरजा बाटला ने कहा कि एचपीवी का टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है और सभी पात्र किशोरियों को यह टीका लगवाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 30 वर्ष की उम्र के बाद महिलाओं को कम से कम एक बार सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग जरूर करानी चाहिए.

अभियान के तहत किशोरियों को गार्डासिल-4 वैक्सीन की एक डोज दी जाएगी। यह अभियान तीन माह तक चलेगा। 28 फरवरी को जिन लड़कियों की उम्र 14 साल हो गई है और इसके अलावा जिनकी उम्र 15 साल नहीं हुई है, वे भी टीका लगवा सकती हैं। टीकाकरण अभियान के दौरान पात्र लड़कियों की उम्र 14 से 15 साल के बीच में होनी चाहिए।

यह वैक्सीन सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध होगी। अभिभावकों को टीकाकरण के समय अपनी बेटियों का आधार कार्ड या स्कूल का पहचान पत्र साथ लाना होगा, जिससे आयु का सत्यापन किया जा सके। प्रधानमंत्री द्वारा अभियान की शुरुआत के बाद इसे राज्य और फिर हरदोई के ब्लॉक स्तर तक लागू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m