अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के तकिया मोहल्ले में पुलिस ने शनिवार सुबह एक अधिवक्ता के घर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।

​वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

​पूरा मामला एक वीडियो से शुरू हुआ जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिवक्ता राजकमल प्रसाद एक मामूली विवाद के दौरान सरेआम हथियार लहराते और महिलाओं के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया।

​भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

​वीडियो की पुष्टि होने के बाद सासाराम नगर थाने की पुलिस ने शनिवार तड़के अधिवक्ता के आवास पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को घर के अंदर से एक अवैध कट्टा, एक पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस मिले हैं। सदर डीएसपी (वन) दिलीप कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि हथियार बरामदगी के बाद अधिवक्ता राजकमल प्रसाद और उनकी पत्नी धर्मशिला देवी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

​क्या था विवाद?

​स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीते गुरुवार को अधिवक्ता के घर के पास कुछ महिलाएं लकड़ी काट रही थीं। इसी बात पर अधिवक्ता भड़क गए और महिलाओं को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने अधिवक्ता पर मारपीट और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है।

​अधिवक्ता ने लगाया साजिश का आरोप

​वहीं, गिरफ्तारी के बाद अधिवक्ता राजकमल प्रसाद ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस दीवार फांदकर घर में घुसी और उन्हें हथियार बरामदगी की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने इसे अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।