पटना। बिहार में होली और रमजान के त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे राज्य में लगभग 31 हजार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
हर दो घंटे में होगी मॉनिटरिंग
सुरक्षा व्यवस्था की कमान जिला स्तर पर कंट्रोल रूम संभालेंगे, जहां हर 2 घंटे में स्थिति की समीक्षा की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और दंगा-निरोधी दस्ता (हेल्मेट, बॉडी प्रोटेक्टर और अश्रुगैस से लैस) अलर्ट मोड पर रहेगा। संवेदनशील इलाकों में स्थानीय पुलिस के साथ बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के जवानों को भी उतारा गया है।
सोशल मीडिया पर डिजिटल पहरा
अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल 24 घंटे सक्रिय रहेगा। फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अफवाहों का तत्काल खंडन किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन और जेलों की सुरक्षा
त्यौहार पर घर लौटने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर नशाखुरानी गिरोहों से निपटने के लिए विशेष दस्ते तैनात हैं। साथ ही जेलों और सरकारी प्रतिष्ठानों की घेराबंदी भी मजबूत की गई है।
निवारक कार्रवाई और कानूनी शिकंजा
असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए BNSS की विभिन्न धाराओं और सीसीए (CCA) के तहत निवारक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


