विकास कुमार/सहरसा। जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां नवहट्टा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत नवहट्टा (वार्ड संख्या 18, पिपररही) से पांच नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते 27 तारीख की सुबह करीब 11:30 बजे तीन अलग-अलग परिवारों की पांच लड़कियां एक साथ घास काटने के लिए घर से निकली थीं। जब शाम होने के बावजूद लड़कियां वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। लापता लड़कियों की पहचान राधा कुमारी (17), नेहा कुमारी (14), ज्योति कुमारी (12), कोमल कुमारी (12) और प्रीति कुमारी (10) के रूप में हुई है।
तुलसीपुर की ओर देखे जाने की सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे इन बच्चियों को तुलसीपुर की ओर जाते हुए देखा गया था, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 8 से 9 बजे के बीच नवहट्टा थाना पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस की कार्रवाई और सर्च अभियान
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीएसपी मुख्यालय-2 कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो सघन सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि वे हर संभावित पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं और जल्द ही बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल, परिजनों की उम्मीदें अब केवल पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


